कबीर की जन्मस्थली लहरतारा तालाब पर पिछले 15 वर्षो में हुए अवैध कब्जे को हटाया जाएगा। वाराणसी विकास प्राधिकरण और तहसील तालाब के गूगल आर्काइव मैप के आधार पर 15 वर्ष के कागजात की जांच करेगा और मौजूदा जमीन पर अवैध अतिक्रमण को हटाया जाएगा। यह निर्णय बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
मंडलायुक्त सभागार में पर्यटन विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने मार्कंडेय महादेव धाम तथा आसपास मंदिर परिक्षेत्र के निर्माण को लेकर तैयार ले-आउट में संशोधन के लिए कहा। उन्होंने एसडीएम सदर से कहा कि जरूरी संशोधन के लिए पुजारी, भूस्वामियों से चर्चा की जाए। सारनाथ में धमेख स्तूप, बुद्धिस्ट मंदिर आदि के पास के इंटरनेशनल बुद्धिस्ट फेस्टिवल साइट के लिए तैयार थ्री-डी व्यू मॉडल को देखने के बाद उसमें फूड कोर्ट, पीने के पानी, टॉयलेट आदि की सुविधाओं को जोड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के इंटरनेशनल बुद्धिस्ट फेस्टिवल के आयोजन के लिए सभी अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के अनुसार प्रस्ताव तैयार किया जाए। कबीर प्राकट्य स्थल लहरतारा पर पर्यटकों के लिए म्यूजियम निर्माण के लिए कहा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नगपाल, उपजिलाधिकारी (सदर) सार्थक अग्रवाल, उपनिदेशक पर्यटन आरके रावत मौजूद रहे।