विद्युत मजदूर संगठन की बैठक में कर्मचारियों ने जताई नाराजगी
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। वेतन विसंगति सहित कई मांगों को लेकर पिछले महीने हुई हड़ताल में शामिल न होने के बाद भी वेतन काटे जाने, निलंबन की कार्रवाई से उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन लिमिटेड के कर्मचारी नाराज हैं। प्रबंधन की ओर से मांगें न माने जाने से नाराज कर्मचारियों ने विरोध में सोमवार से काली पट्टी बांधकर काम करने का निर्णय लिया है। इसके लिए लखनऊ में शनिवार को हुई बैठक में बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए और विरोध पर अपनी सहमति जताई।
विद्युत मजदूर संगठन की शनिवार को हुई बैठक में पूर्वांचल महामंत्री वेदप्रकाश राय ने बताया कि प्रबंधन ने मांगों पर आदेश जारी करने को कहा था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है। संघर्ष समिति द्वारा की गई 72 घंटे की हड़ताल में शामिल न होने के बावजूद संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के निलंबन, स्थानांतरण और वेतन काटे जाने की कार्रवाई हो रही है, जो कि गलत है। इस तरह का आदेश तत्काल वापस होना चाहिए। इसके साथ ही ग्रेड पे बढ़ाने, वेतन विसंगति दूर करने सहित अन्य मांगों को अगर प्रबंधन ने नहीं माना तो 10 अप्रैल से काली पट्टी बांधकर काम करने और 13 अप्रैल से मुख्य अभियंता कार्यालय पर सत्याग्रह किया जाएगा।