राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. कृष्ण गोपाल ने भंदहा कला गांव में बैठक की। बैठक में राजवारी हवाईपट्टी पर बीते आठ वर्ष से प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय के निर्माण शुरू न होने का मुद्दा उठाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के प्रयास से भंदहाकलां हवाई पट्टी की आवश्यकतानुसार भूमि का हस्तांतरण केंद्रीय विद्यालय संगठन के पक्ष में 2018 में ही हो चुका है। रक्षा मंत्रालय की ओर से अनापत्ति भी मिल गई है, कोई अन्य तकनीकी अड़चन न होने के बावजूद प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। जबकि इसका शिलान्यास 2019 में ही किया जा चुका है। केंद्रीय विद्यालय का अस्थायी रूप से संचालन 20 किलोमीटर दूर आयर गांव में किराये के भवन में किया जा रहा है। डॉ. कृष्ण गोपाल ने आश्वासन दिया कि वह इस प्रकरण पर संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता करेंगे। इस मौके पर ग्राम के गजानंद पांडेय, विनय सिंह, पवन पांडेय, परमानन्द सिंह, जगदीश्वर सिंह, कैलाश यादव आदि उपस्थित रहे।