सिटी बसों के यात्रियों की जेब पर अधिभार (सरचार्ज) की मार पड़ेगी। प्रबंध समिति की स्वीकृति के बाद सिटी बसों का सफर एक रुपये महंगा हो जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, सिटी बसों की टिकट पर एक रुपया अधिभार का उद्देश्य अलग-अलग स्पेशल पर्पज व्हीकल (एसपीवी) में लागू किराए में एकरूपता लाना है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक गौरव वर्मा ने बताया कि किराये में बढ़ोतरी की गई। जल्द ही इसे लागू किया जाएगा।
वहीं, नेशनल कॉमन मोबिलिटी कंप्लायंट कार्ड से किराये का भुगतान करने पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इससे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलेगा।
नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड
नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड अंतर-ऑपरेटिव ट्रांसपोर्ट कार्ड है। यह कार्ड उपयोगकर्ता को यात्रा, टोल शुल्क (टोल टैक्स), खुदरा खरीदारी और पैसे निकालने की सुविधा देता है। यह एक छतरी के नीचे देश की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को एक साथ लाने के प्रयास के रूप लागू की जा रही है।
बातचीत
किराये में बढ़ोतरी का सर्वाधिक परेशानी विद्यार्थियों को होगी। रोडवेज प्रबंधन और सरकार को छात्रों को छूट देना चाहिए। - प्रीति द्विवेदी, सिगरा
अगर सुविधा में बढ़ोतरी होती है तो बढ़े किराये का स्वागत होना चाहिए। कई रूटों पर अब तक ऑनलाइन भुगतान की सुविधा नहीं है। - वर्षा कुमारी, मलदहिया
रोडवेज प्रबंधन लगातार किराये में बढ़ोतरी कर रहा है। यात्रियों से सामान पर भी शुल्क वसूला जा रहा है। - शुभम दुबे, लंका
प्रतियोगी परीक्षा देने वाले छात्रों को बसों से यात्रा करनी पड़ती है। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ेगा। - राज सिंह, तुलसीपुर
लोकल सवारी नहीं बैठाने पर बस संचालकों को चेतावनी
वाराणसी। गर्मियों में कैंट रोडवेज की बसों में भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में परिचालक लोकल सवारियां बैठाने में आनाकानी कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक गौरव वर्मा ने शुक्रवार को गाजीपुर, आजमगढ़, सोनभद्र की बसों के संचालकों को चेतावनी दी। इस दौरान आजमगढ़ और सोनभद्र रूट के दो परिचालकों पर वर्दी में नहीं पहनने पर जुर्माना लगाया। संवाद