फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi: चोलापुर में चोरों का आतंक, एक ही रात आभूषण की तीन दुकानों से लाखों की चोरी, व्यापारियों में आक्रोश

Fri, 30 Dec 2022 03:00 PM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बीती रात चोरों ने हाजीपुर बाजार स्थित आभूषण की तीन दुकानों पर धावा बोला। 40 लाख रुपये से ज्यादा के जेवर की चोरी की। इन तीन दुकानों में से एक के संचालक के साथ कुछ पहले ही लूट भी हुई थी। 
विज्ञापन
आभूषण की दुकान में चोरी की जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाओं ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। वहीं व्यापारी और ग्रामीण भी दहशत में हैं। बीती रात क्षेत्र के हाजीपुर बाजार स्थित आभूषण की तीन दुकानों पर चोरों ने धावा बोला और लाखों के आभूषण उड़ा ले गए। एक साथ तीन दुकानों से करीब 40 लाख रुपये की चोरी से इलाके में सनसनी मच गई।  इस क्षेत्र में 10 दिनों में ये दूसरी बड़ी वारदात है। ये चोरियां रमाशंकर सेठ, पिंटू सेठ और दीपचंद की आभूषण दुकान में हुईं। घटना को लेकर व्यापारियों में जबरदस्त आक्रोश है।

विज्ञापन


शुक्रवार को विरोध में हाजीपुर बाजार बंद रहा। चोलापुर पुलिस की कार्यशैली को लेकर व्यापारियों ने कई गंभीर सवाल उठाए। चोरी और हंगामे की सूचना पर पहुंचीं डीसीपी वरुणा जोन आरती सिंह ने व्यापारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उन्होंने कहा कि घटना का खुलासा जल्द होगा। पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पतरही निवासी रमाशंकर सेठ कि हाजीपुर में आभूषण दुकान है। बीती रात चोरों ने इनकी दुकान में सेंध मारी और लाखों रुपये के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए। रमाशंकर सेठ के साथ बीते 19 दिसंबर को लूट हुई थी। दुकान से घर जाते समय बदमाशों ने असलहे के दम पर रमाशंकर सेठ से नगदी, जेवरात और बाइक लूट ली थी। पीड़ित के शोर मचाने और पुलिस के पीछा करने पर बदमाश बाइक छोड़कर भाग निकले थे।

विज्ञापन

हाजीपुर बाजार में चोरी की सूचना पर पहुंची डीसीपी आरती सिंह - फोटो : अमर उजाला
इस घटना को पुलिस ने संदिग्ध मानकर तफ्तीश की। मगर, पीड़ित ने अपना वीडियो जारी करते हुए घटना की जानकारी दी। अभी इस लूट का खुलासा तक नहीं हो पाया। वहीं चोरों ने अब उनके प्रतिष्ठान पर धावा बोल दिया। घटना से रमाशंकर सेठ काफी आहत हैं। उन्होंने कहा कि मेरा तो सबकुछ बर्बाद हो गया। इसके अलावा दानगंज निवासी स्वर्ण व्यवसायी दीपचंद सेठ और नियार निवासी पिंटू सेठ की आभूषण दुकानों में भी चोरों ने सेंधमारी की। तीनों दुकानों से 40 लाख रुपये से ज्यादा की चोरी हुई है। 
विज्ञापन

व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

हाजीपुर बाजार में व्यापारियों ने की बैठक - फोटो : अमर उजाला
स्वर्णकार सभा के जिला अध्यक्ष जितेंद्र सेठ ने बताया कि चोलापुर में तैनात पुलिस अधिकारी काम नहीं कर पा रहे हैं। हाल के दिनों में चोरी व लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन भी किया लेकिन पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर सकी। डीसीपी से पूरे थाना क्षेत्र को बदलने की मांग की गई है। कहा कि यदि कार्रवाई नहीं होती है तो स्वर्णकार सभा आंदोलन करेगा। वहीं हाजीपुर के व्यवसायियों ने ताबड़तोड़ चोरी की घटना को लेकर आक्रोश जाहिर किया। नारेबाजी की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें