देव दीपावली के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। प्रमुख घाटों पर अस्थायी अस्पताल चलाए जाएंगे। सरकारी अस्पतालों और गंगा किनारे के स्वास्थ्य केंद्रों में बेड रिजर्व कराए गए हैं। घाटों के पास एंबुलेंस भी खड़ी रहेगी।
देव दीपावली इस बार 27 नवंबर को मनाई जाएगी। बड़ी संख्या में भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रमुख घाटों पर अस्थायी अस्पताल संचालित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ की टीम जरूरी जांच उपकरणों, दवाओं के साथ तैनात रहेगी। इस दौरान बीपी, पल्स जांच के साथ ही लोगों को जरूरी दवाइयां भी दी जाएंगी। सीएमओ कार्यालय से घाटवार डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों की डयूटी लगाई गई है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि सरकारी अस्पताल में 10 बेड, गंगा घाट किनारे की सीएचसी पर चार और पीएचसी पर दो बेड रिजर्व रहेंगे।
यहां रहेगी स्वास्थ्य टीम
राजघाट, अस्सीघाट, राजेंद्र प्रसाद घाट, नमो घाट, रविदास घाट पर जरूरी दवाइयों के साथ डॉक्टर, दो पैरामेडिकल स्टाफ रहेंगे। साथ ही शिवाला घाट, राणा महल, दशाश्वमेध घाट, पंचगंगा घाट, भैसासुर घाट-स्टैटिक बूथ-डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ रहेंगे। राजघाट पुल के पार, बंगाली टोला, गिरजाघर चौराहा पर एक चिकित्सकीय टीम एंबुलेंस के साथ रहेगी।