प्राथमिक विद्यालय के जमीन पर हुए अवैध कब्जे को तहसील प्रशासन ने गिरवाया |संवाद
जनवरी में तहसीलदार कोर्ट के स्थगन आदेश के बाद भी दबंगों ने करा लिया था निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
सेवापुरी। जंसा थाना क्षेत्र के हाथी बाजार में प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर गांव के पूर्व प्रधान पुत्रों ने अतिक्रमण कर मकान और बाउंड्री बनवा ली। बृहस्पतिवार दोपहर बाद मौके पर पहुंचे जेसीबी और पुलिस फोर्स के साथ एसडीएम राजातालाब शांतनु कुमार ने इसे ढहा दिया। प्रधान अखिलेश कुमार गुप्ता ने राजस्व विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर तहसीलदार राजातालाब की कोर्ट में वाद दाखिल किया था। इस पर जनवरी में न्यायालय ने किसी तरह के निर्माण कार्य न करने का निर्देश दिया था। बावजूद दबंगों ने जमीन पर कब्जा कर निर्माण कर लिया था। उप जिलाधिकारी राजातालाब ने बताया कि तहसीलदार न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर निर्माण कराया गया था। जिसे जिलाधिकारी के आदेश पर गिरवा दिया गया है। उक्त आराजी पर अवैध निर्माण को चार महीने पहले भी राजस्व टीम ने पुलिस बल के साथ गिरवा दिया था। देर शाम तक कार्रवाई जारी थी। मौके पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार दीपावली मौर्य राजस्व टीम के साथ मौजूद रहे।