ब्लॉक संसाधन केंद्र मंगारी के सभागार में शनिवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें संचारी रोग नियंत्रण के बारे में शिक्षकाें को जानकारी दी गई। ब्लॉक कम्यूनिटी प्रोसेस मैनेजर विजय बहादुर ने संचारी रोग व दस्तक अभियान के तहत मच्छर जनित रोगों के बचाव और जलभराव से होने वाले डेंगू, चिकनगुनिया व मस्तिष्क रोग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्कूलों में बच्चों को इसके बारे में बताने के साथ बचाव के उपाय बताने की अपील की। नोडल प्रभारी डॉ. अनुपम सिंह ने कहा कि स्कूल और घर के आसपास जलभराव न होने दें। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें और बुखार आने पर नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जाएं। स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश गुप्ता ने शिक्षकों को स्कूल में रखी जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार मिश्रा ने प्रदेश सरकार के इस अभियान में शत प्रतिशत योगदान कर जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। इस दौरान एआरपी अखिलेश यादव, पन्नालाल, अजय कुमार, वीरेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।