अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में अनियमितता की जांच और कार्रवाई का आदेश शासन ने जारी किया है। महाविद्यालय में अयोग्य शिक्षिकाओं द्वारा शिक्षण कार्य एवं व्यापक स्तर पर वित्तीय अनियमितता व भ्रष्टाचार की शिकायत पर संज्ञान लेकर विशेष सचिव श्रवण कुमार सिंह ने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा निदेशक व काशी विद्यापीठ के कुलसचिव को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। अभिभावकों ने बीकॉम में अयोग्य शिक्षिकाओं से पढ़वाने के मामले में शिकायत की थी। पत्र में उल्लेख किया गया था कि प्राचार्य एवं प्रबंधक की मिलीभगत से बिना योग्यता व बिना विश्वविद्यालय के अनुमोदन शिक्षिकाओं को नियुक्त किया गया है। स्व वित्तपोषित योजना के तहत नियुक्त तृतीय श्रेणी कर्मचारी को बीकॉम में पढ़ाने की जिम्मेदारी सौंप दी गई। महाविद्यालय प्रशासन छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। इसके साथ ही महाविद्यालय में घोर वित्तीय अनियमितता एवं भ्रष्टाचार की शिकायत की गई थी। वहीं, संयुक्त निदेशक डॉ. हिरेंद्र प्रताप सिंह की ओर से जारी पत्र में तथ्यात्मक बिंदुवार जांच आख्या साक्ष्य एवं संस्तुति सहित अविलंब उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया है।