काशी तमिल संगमम के अंतर्गत आए किसानों के प्रतिनिधिमंडल के लिए बृहस्पतिवार का दिन भावनात्मक और ऐतिहासिक बन गया। प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी और सरयू नदी का दर्शन किया। इस आध्यात्मिक अनुभव ने हर किसान के दिल को गहराई से स्पर्श किया। जैसे ही किसान राम मंदिर पहुंचे, उनके कदम थम गए और आंखें नम हो उठीं। कई किसान भावुक होकर बोले कि यह केवल दर्शन नहीं, बल्कि 500 वर्षों की आस्था, संघर्ष और प्रतीक्षा की पूर्णता है। कुछ किसान तो हाथ जोड़कर खड़े ही रह गए। उन्होंने कहा कि आज उन्हें महसूस हुआ कि सदियों की प्रतीक्षा का फल मिल गया।