वाराणसी। आईएमएस बीएचयू के हृदय रोग विभाग के अध्यक्ष प्रो. ओम शंकर ने शनिवार से विभाग में अपना अनशन शुरू कर दिया। वह जमीन पर बैठकर मरीज देख रहे हैं। हृदय रोग विभाग में आवंटित बेड पर मरीजों की भर्ती न होने के विरोध में उन्होंने अनशन शुरू किया है।
सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में आवंटित 41 बेड के डिजिटल लॉक होने से मरीजों को भर्ती न करने के लिए एमएस को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रो. ओमशंकर ने कुलपति आवास पर अनशन की चेतावनी दी थी। शनिवार की सुबह 10 बजे आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार, चीफ प्रॉक्टर प्रो. एसपी सिंह के साथ ओमशंकर के घर पहुंचे। बातचीत की और कार्यवाही का आश्वासन दिया, लेकिन प्रो. ओमशंकर एमएस को तत्काल हटाने और डिजिटल लॉक खुलवाने की मांग पर अड़े रहे।
इसके बाद प्रो. ओमशंकर कुलपति आवास चले आए। यहां अनशन पर बैठने जा रहे थे। इसी बीच चीफ प्रॉक्टर और लंका एसओ पहुंच गए। उन्होंने प्रो ओमशंकर से बात की और कहा कि कहीं और अनशन कर लें। इसके बाद हृदय रोग विभाग गए और वहीं अनशन पर बैठ गए।