वाराणसी-हैदराबाद रूट पर ट्रैवल्स संचालकों का सिंडिकेट हावी
- सिंडिकेट से जुड़े लोगों ने बस में तीन बार की तोड़फोड़ और धमकी दी, ट्रैवल्स संचालक ने पुलिस आयुक्त से लगाई गुहार
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। काशी में दक्षिण भारतीय दर्शनार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रैवल्स संचालकों ने लग्जरी बसों की संख्या बढ़ा दी है। वाराणसी-हैदराबाद रूट पर सबसे अधिक 15 लग्जरी बसें चल रही हैं। इसमें तीन ट्रैवल्स संचालकों का सिंडिकेट है। सिंडिकेट ने एक ट्रैवल्स संचालक को रूट से हटने की धमकी दी। तीन बार बस में तोड़फोड़ के साथ चालक की पिटाई की गई। पीड़ित ने मिर्जापुर के कछवा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। रोहनिया और मंडुवाडीह में भी तहरीर दी है। मंगलवार को पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई तो एसीपी रोहनिया को इसकी जांच सौंपी गई।
चंदौली के सैयदराजा के रिंटू पांडेय और प्रयागराज के मुंडेरा निवासी प्रशांत कुमार जायसवाल के अनुसार चार अक्तूबर को रोहनिया में सिंडिकेट ने चालक, खलासी और यात्रियों को पीटा। बस के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। पांच अक्तूबर को औराई में बस रोककर तोड़फोड़ की। इस मामले में कछवा थाने में मुकदमा दर्ज है। छह अक्तूबर को लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे खड़ी बस में तोड़फोड़ की गई। तीन ट्रैवल्स संचालकाें ने धमकाया कि इस रूट पर बस नहीं चला सकते। दोपहर एक बजे से रात 10 बजे तक रूट रिजर्व रहता है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि हिस्ट्रीशीटर और अपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति धमकी दे रहे हैं। पुलिस आयुक्त ने एसीपी रोहनिया को जांच सौंपी है। उधर, शाम में मंडुवाडीह थाने की पुलिस आरोपी ट्रैवल्स संचालकों की खोज में जुटी रही।