नगर निगम के किराया निर्धारण के बावजूद पर्यटकों से शुल्क वसूली में मनमानी
संवाद न्यूज एजेंसी
वाराणसी। नगर निगम ने नावों का किराया तयकर भले अपनी पीठ थपथपा ली हो, लेकिन हकीकत यह है कि नाव संचालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। शाम के समय घाटों पर पर्यटकों का रेला उमड़ रहा है। नाविक शाम को नावों की अत्यधिक मांग को अवसर के तौर पर ले रहे हैं।
अस्सी से लेकर नमो घाट तक शाम को मेले जैसा नजारा होता है। सोमवार को मध्य प्रदेश से अस्सी घाट घूमने आए पर्यटकों से नाव से घुमाने के बाद पैसे के लेनदेन में तू-तू मैं-मैं हुई। रीवा निवासी विंदेश्वरी प्रसाद ने बताया कि नाविक को एक घंटे नाव से घूमने का ढेड़ हजार भुगतान करने के बाद नाविक 2200 रुपये मांगने लगा। हालांकि बातचीत के बाद पर्यटकों को दो हजार भुगतान करना पड़ा।
गलियां जाम, बाइक हटाने को लेकर होती है नोकझोंक
गलियों के शहर में शाम को घाट की ओर जाने वाली लगभग सभी सड़क और गलियां जाम हो जातीं हैं। अस्सी से लेकर गोदौलिया हो या नमो घाट से मीर घाट गलियों में बाइक खड़ा करने के लिए पर्यटकों और क्षेत्रीय लोगों में कहासुनी होती है। घाट घूमने आने वाले पर्यटक गलियों में इधर-उधर बाइक खड़ा कर चले जाते हैं।
नगर निगम द्वारा तय किराया
अस्सी घाट से नमो घाट तक ट्रिप प्रति व्यक्ति 345 रुपये
हरिश्चंद्र घाट से मणिकर्णिका ट्रिप प्रति व्यक्ति 125 रुपये
दशाश्वमेध घाट से अस्सी ट्रिप प्रति व्यक्ति 175 रुपये
दशाश्वमेध घाट से नमो घाट ट्रिप प्रति व्यक्ति 175 रुपये
अस्सी घाट पर पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई है। नौका विहार करने वाले पर्यटकों से नाविक अधिक शुल्क ले रहे हैं। - अपराजिता सिंह, कमच्छा
शाम के समय गंगा में नौका विहार करना अच्छा अनुभव होता है। शाम को घाटों पर भीड़ बढ़ जाती है। - चांदनी श्रीवास्तव, जगतगंज
पर्यटकों से किराया तय करने के बाद ही नाव में बैठाया जाता है। नाविक समाज पर्यटकों का ध्यान रखता है। - विरेंद्र निषाद, अस्सी
नौका संचालन में ब्रोकर को रोकना होगा। नगर निगम को जल्द से जल्द घाटों पर रेट बोर्ड लगाना चाहिए। - प्रमोद मांझी, शिवाला
वर्जन
पर्यटकों की सुविधा के लिए रेट लिस्ट जारी की गई है। जल्दी ही घाटों पर रेट लिस्ट लगा दी जाएगी - सुमित कुमार, अपर नगर आयुक्त