बीएचयू में दशहरा और दीवाली मनाने की अनुमति न मिलने से नाराज छात्रों ने अधिष्ठाता कला संकाय कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। छात्र संकाय प्रमुख कार्यालय पर जब अनुमति नहीं मिली तो धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों से उनकी नोकझोंक भी हो गई। धक्का-मुक्की भी हुई। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रों के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। कहा कि पिछले कुछ दिनों से ऐसा देखा जा रहा है कि परिसर में आयोजनों को लेकर नियमों का सही तरीके से पालन नहीं कराया जा रहा है। कभी किसी कार्यक्रम के लिए बड़े सभागार मुहैया कराए जा रहे हैं। होली और दीवाली जैसे त्योहारों के लिए जब कला संकाय के मैदान की मांग की गई तो मना कर दिया गया। बताया कि इसी तरह की बात होली के दौरान भी की जाती है। छात्रों ने संकाय परिसर में मूलभूत सुविधाएं न मिलने की बात भी कही। कहा कि ज्यादातर कमरों में पंखा खराब है, बल्ब नहीं जल रहे हैं। कई बार समस्या बताने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है।