कुलपति का घेराव करने पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र
- फोटो : अमर उजाला
हॉस्टल से पीएसी हटाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रों ने बुधवार को हंगामा किया। छात्रों ने प्रशासनिक भवन के गेट पर ताला लगा दिया और धरने पर बैठ गए। जमकर नारेबाजी करते हुए कुलपति का घेराव करने की भी कोशिश की।
हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और प्रदर्शन कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की काशी विद्यापीठ इकाई के छात्रों को समझाने बुझाने में जुटी रही। इस दौरान छात्रों ने कुलपति को संबोधित चीफ प्रॉक्टर कार्यालय को एक ज्ञापन भी सौंपा। एबीवीपी के सदस्यों ने कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी से अपनी मांगों पर त्वरित कार्यवाही की मांग की।
मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। इसमें काशी विद्यापीठ परिसर स्थित हॉस्टल से पीएसी बल को हटाते हुए छात्रों को आवंटित करने, परिसर में कैंटीन की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की मांग भी शामिल है। छात्रों ने विश्वविद्यालय व संबद्ध कालेजों में पठन पाठन की व्यस्था सुचारू रूप से संचालित कराने की मांग की है।