राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा 2026 में वाराणसी मंडल के 3 जिलों के होनहारों को शत-प्रतिशत सफलता मिली है। बीते 28 फरवरी को इस छात्रवृत्ति के परिणाम जारी हुए। एडी बेसिक हेमंत राव ने बताया कि प्रदेश के राजकीय, सहायता प्राप्त और स्थानीय निकाय के स्कूलों में आठवीं में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए निर्धारित 15143 सीटों के सापेक्ष 14925 मेधावियों का चयन हुआ है। इसमें वाराणसी मंडल के तीन जिलों वाराणसी, गाजीपुर और चंदौली के 100 फीसदी छात्र इस छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल हुए। वाराणसी में 269, गाजीपुर में 184 और चंदौली में 204 छात्र हैं। वहीं, जौनपुर में 352 छात्रों ने इस परीक्षा में सफलता हासिल की। इन छात्र-छात्राओं को कक्षा नौ से 12 तक प्रति माह एक हजार की छात्रवृत्ति मिलेगी। इस छात्रवृत्ति के लिए हर जिले का कोटा निर्धारित है। एडी बेसिक ने बताया कि 8वीं के बाद छात्रों का ड्रॉपआउट दर कम करने और कमजोर वर्ग के बच्चों को पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने 2008 में यह छात्रवृत्ति शुरू की थी। इसका लाभ मंडल के 1009 छात्रों को मिलेगा।