ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सपा का जोरदार प्रदर्शन, निकाला गया जुलूस। स्रोत पार्टी
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के लिए रविवार को महानगर समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन भेलूपुर थाना अध्यक्ष को सौंपा। पार्टी के महानगर अध्यक्ष दिलीप डे के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने घसियारी टोला स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति से पदयात्रा शुरू की। आगे बढ़ने पर पुलिस ने दुर्गाकुंड मंदिर के पास उन्हें रोक लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से पुलिस की नोकझोंक भी हुई। पार्टी के कार्यकर्ता मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग से संबंधित तख्तियां लेकर चल रहे थे। मार्च में रामजी यादव, बहादुर सिंह यादव, रीबू श्रीवास्तव, रजत बाल्मीकि, आरती यादव, दीप चंद गुप्ता, संगीता पटेल आदि मौजूद रहे।