बिजली कटने के बाद परिजनों के साथ बाउंड्री के अंदर बैठी थी महिला
विज्ञापन
बाइक सवार आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, दूसरे को परिजनों को सौंपा संवाद न्यूज एजेंसी सारनाथ। थाना क्षेत्र के छाहीं नहर पर मंगलवार रात बाइक के धक्के से बाउंड्री के अंदर बैठी महिला की दबकर मौत हाे गई। आक्रोशित लोगों ने बाइक सवार दो युवकों की पिटाई करते हुए उन्हें पुलिस को सौंप दिया। बुधवार अपराह्न पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा। सराय मोहाना गंगा घाट पर महिला का अंतिम संस्कार हुआ। पति की तहरीर पर पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
छाहीं निवासी गीता देवी (30) परिजनों के साथ रात में बिजली कटने पर मकान की बाउंड्री के अंदर बैठी हुई थीं। परिजन आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार बाइक ने पांच फीट लंबी और नौ इंच चौड़ी बाउंड्री में टक्कर मार दी। टक्कर से दीवार क्षतिग्रस्त होकर गीता देवी के ऊपर गिर गई। परिजनों ने गीता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति संतोष कुमार समेत परिजन काफी गमगीन रहे। बताया कि गीता को आठ साल का बेटा और डेढ़ साल की एक बेटी है। थाना प्रभारी परमहंस गुप्ता ने बताया कि आरोपी बाइक सवार मोनू निवासी खरगीपुर को गिरफ्तार किया गया। वहीं, दामोदरपुर निवासी कुंदन मौर्य को परिजनों को सौंपा गया। दोनों रात में पार्टी से लौट रहे थे।