वाराणसी। बढ़ते कोरोना संक्रमण की वजह से लोगों में डर बैठ गया है। बहुत से लोग अब अपनों से भी दूरी बनाने लगे हैं। अंतिम संस्कार तो दूर लोग बीमार मरीज को देखने से भी कतरा रहे हैं। हालांकि, समाज में कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो थोड़ा हटकर सोचते हैं। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा सोनम चंदवंशी न केवल बेसहारों की मदद कर रही हैं बल्कि अंतिम संस्कार में भी सहयोग कर रही है। उनके पिता समाचार पत्र विक्रेता हैं। बेजुबानों की मदद करने वाली सोनम कोरोना काल में बेसहारा मरीजों का सहारा बनी हैं। मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा से लेकर अन्य अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज से लेकर उनके अंतिम संस्कार में भी मदद कर रही हैं। अस्पताल, डॉक्टर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तक उनकी सराहना कर रहे हैं। सोनम को अब एंजल गर्ल के नाम से जाना जा रहा है।