जब से नगर निगम का जोनल कार्यालय बना है तब से बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कनेक्शन दिलाने के नाम पर कोई 6500 तो कोई 15000 रुपये मांग रहा है। यह शिकायत बुधवार को रामनगर जोनल कार्यालय पर आयोजित जनचौपाल में पूर्व पार्षद संजय यादव, पार्षद लल्लन सोनकर व राम सिंह ने की। इस पर मेयर अशोक कुमार तिवारी ने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा और दोबारा ऐसी शिकायत पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
साफ-सफाई न होने की शिकायतों पर मेयर ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया में उलझाकर सफाई व्यवस्था को ध्वस्त न करें। इसी कार्यशैली के चलते नगर निगम के प्रति लोगों की मानसिकता ठीक नहीं है। कूड़ा उठान न होने की शिकायत पर परिवहन प्रभारी को चेताया। वहीं नगर निगम क्षेत्र से बाहर भीटी ग्रामसभा में विकास कार्यों की शिकायत पर जोनल अधिकारी शिखा मौर्या को तत्काल काम रुकवाते हुए सर्वे कराने और सीमांकन बोर्ड लगाने को कहा। इस दौरान जल कनेक्शन, नामांतरण प्रक्रिया नहीं होने, कूड़ा उठान नहीं होने, स्ट्रीट लाइट न जलने आदि शिकायत की गईं। इस दौरान नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने जोनल कार्यालय का किया निरीक्षण
जनचौपाल खत्म होने के बाद नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने रामनगर जोनल कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में गंदगी और स्क्रैप को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का समाधान जोन स्तर पर ही कराएं।