वाराणसी। लंबे समय से और धीमी गति से हो रहे गोदौलिया-दशाश्वमेध स्ट्रीट पेडीस्ट्राइजेशन कार्य का मंगलवार को पर्यटन मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी ने निरीक्षण किया। कार्य की धीमी गति पर मंत्री ने प्रोजेक्ट अधिकारियों को फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक उतर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम राम विजय सिंह को निर्देशित किया कि उच्च स्तर की गुणवता के साथ प्राथमिकता पर निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाए। जिससे लाकडॉउन के उपरांत यहां आने वाले दर्शनार्थियों को गोदौलिया की अनुपम छवि देखने को मिल सके। वहीं निरीक्षण में मौजूद पर्यटन अधिकारी कीर्तिमान श्रीवास्तव को भी मंत्री ने निर्देशित किया कि कार्यस्थल का नियमित रूप से निरीक्षण करते हुए पाक्षिक रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। वहीं कार्यस्थल पर कार्यरत श्रमिकों को गमछा, सैनिटाइजर, हाथ धोने के लिए साबुन इत्यादि की पूर्ण व्यवस्था कराए जाने के लिए परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया गया। इस दौरान व्यापारी भी मौजूद रहे।