बीएचयू अस्पताल में ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही अब मौत का ग्राफ भी बढ़ता जा रहा है। 24 घंटे में चार नए मरीज मिले हैं। वहीं, पहले से भर्ती छह मरीजों की मौत हुई है। मरीजों की बढ़ती संख्या और आने वाले दिनों में ओपीडी शुरू होने के फैसले के बाद अब पोस्ट कोविड वार्ड में भर्ती मरीजों को शुक्रवार से सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में शिफ्ट किया जाएगा। कुछ ऐसे मरीज भी हैं, जो पहले से कोरोना संक्रमित हैं, उनका इलाज सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के कोरोना वार्ड में चल रहा है। इस समय एक्टिव 130 मरीजों में करीब 100 से अधिक मरीज पोस्ट कोविड वार्ड में भर्ती हैं। एमएस प्रो. केके गुप्ता ने बताया कि जिन छह मरीजों की मौत हुई है, उन्हें ब्लैक फंगस के साथ ही अन्य कई बीमारियां थीं। बताया कि अब कुल 195 मरीजों में 52 की मौत, 13 के डिस्चार्ज होने के बाद 130 मरीजों का इलाज चल रहा है। बताया कि बृहस्पतिवार को बारिश की वजह से पोस्ट कोविड वार्ड से मरीजों को सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में शिफ्ट नहीं किया जा सका। शुक्रवार से एंबुलेंस के माध्यम से मरीजों को शिफ्ट किया जाएगा।