महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, बीएचयू, और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक ग्वालियर में 19 से 28 नवंबर तक होने वाले पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर में शामिल होंगे। इसके लिए मंगलवार को काशी विद्यापीठ में चयन शिविर में तीनों विश्वविद्यालयों से स्वयंसेवकों का चयन किया गया। दिल्ली में राजपथ पर हर साल गणतंत्र दिवस पर होने वाले परेड में एनसीसी कैडेटों के साथ ही एनएसएस स्वयंसेवक भी हिस्सा लेते हैं। इसके लिए एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालय से टीम यहां आई थी। काशी विद्यापीठ में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रविंद्र कुमार गौतम के देखरेख में चली चयन प्रक्रिया में स्वयंसेवकों की शारीरिक दक्षता, सांस्कृतिक प्रस्तुति को आधार बनाया गया। बताया कि हर विश्वविद्यालय से दो-दो स्वयंसेवकों का चयन किया गया। इसमें इसमें 36 स्वयंसेविकाओं और 13 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम समन्वयक ने बताया कि तीनों विश्वविद्यालय के दो-दो स्वयंसेवक पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय लखनऊ के प्रतिनिधि अश्वनी कुमार, डॉ. अग्नि प्रकाश, डॉ. आनंद राघव चौबे, डॉ. ध्यानेंद्र कुमार मिश्र, डॉ. बालरूप यादव मौजूद रहे।