वसुधैव कुटुंबकम की भावना और विश्व कल्याण की कामना के साथ नंदवनम में चल रहे तीन दिवसीय रुद्र महायज्ञ का समापन श्री काशी विश्वनाथ के जलाभिषेक के साथ हुआ। देश की पवित्र नदियों का जल लेकर ऊं नम: शिवाय का जप करते हुए श्रद्धालु श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे।
श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर सोसाइटी के सदस्यों ने रजत शैय्या को अर्पित किया और पवित्र एवं यज्ञ से अभिमंत्रित 1008 कलश जल से बाबा श्री काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक कर विश्व कल्याण की कामना की। तीन दिवसीय महारुद्र यज्ञ के दौरान एक लाख आठ आहुतियां हवन कुंड में अर्पित की गईं।
महायज्ञ के समापन के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक जलाभिषेक यात्रा निकाली गई। रविवार को श्री काशी नाटकोट्टई नगर क्षेतरम मैंनेजिंग सोसाइटी के संयोजन में सिगरा स्थित शिक्रा अन्ना मलईयार नंदवनम परिसर में चल रहे महायज्ञ के अंतिम दिन सुबह से ही यज्ञ आरंभ हो गया। तीन बजे नंदवनम से 1008 कलश का जल लेकर श्रद्धालु विश्वनाथ मंदिर रवाना हुए।