पिपरीडीह। घोसी के मतदाताओं में जहां उत्साह देखने को मिला, वहीं दो बूथ ऐसे रहे जिनपर 11 घंटे में केवल दो मत पड़े। ये स्थिति रही सदर विधानसभा क्षेत्र के बूथ 33 और 34 की। जहां बूथ 33 पर 556 वोटर हैं। इसमें 262 महिला और 294 पुरुष हैं। बूथ 34 पर 1181 मतदाताओं में 445 महिला और 635 पुरुष हैं। शनिवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ, लेकिन सभी मतदाताओं ने अंडरपास की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार कर दिया। सभी मतदान केंद्र के बाहर बैठे रहे। दोपहर दो बजे तक किसी ने मतदान नहीं किया। वहां सदर उपजिलाधिकारी सुमित सिंह, डीपीआरओ विशाल सिंह, एडीपीआरओ, एसओ सरायलखंसी, एलआईयू सहित अन्य अधिकारियों ने समझाया पर भी किसी ने मतदान नहीं किया। दो बजे के बाद दोनों बूथों पर एक-एक वोट पड़े। पीठासीन अधिकारी और मतदान कर्मी मतदाताओं की राह देखते रहे। लेकिन एक भी मतदाता केंद्र के अंदर नहीं पहुंचा।