पुरुषोत्तम मास में श्रीकृष्ण उत्सव सेवा समिति की ओर से संगीतमय सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ 24 मई से शुरू होगा। रामकटोरा स्थित चिंतामणि बाग में पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर स्वामी बालकदास प्रवचन करेंगे। पहले दिन सुबह शोभायात्रा निकालकर कथा की शुरुआत होगी। समिति के अध्यक्ष अशोक कसेरा, महामंत्री विनोद कसेरा और कोषाध्यक्ष भईयालाल ने शुक्रवार को पराड़कर भवन में पत्रकारों को बताया कि कथा प्रतिदिन शाम चार से रात आठ बजे तक होगी। कथा के समापन पर 11 लोग आरती करेंगे। श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण होगा। कथा श्रवण करने राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र, मेयर अशोक कुमार तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि यहां पर एक हजार श्रद्धालुओं के बैठने, कूलर व शीतल पेयजल की व्यवस्था रहेगी। इस आयोजन में हैह्य वंशीय क्षत्रीय कसेरा महासभा आदि का सहयोग रहेगा।