दशमी रामलीला मैदान पर कब्जा हटवाने गई नगर निगम की टीम माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन
वाराणसी। खोजवां दशमी मैदान से बृहस्पतिवार को नगर निगम ने बुलडोजर से अतिक्रमण ढहाए। कार्रवाई के दौरान टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। दुकानदारों ने सुंदरपुर-खोजवां मार्ग जाम कर दिया। समझाने-बुझाने के बाद जाम खत्म कराया गया। जाम लगाने वालों का आरोप है कि रामलीला मैदान में दुकानें 70 साल से लग रही हैं। जिसका किराया प्रतिमाह रामलीला समिति को 50 रुपये दिया जाता है। जाम लगने की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझाकर आधा घंटे में हटवाया। रामलीला समिति के लोगों का कहना है कि दुकानें लगाने के लिए पहले दी गईं थीं कि रामलीला का खर्च निकल जाए। दो साल से रामलीला मैदान में दुकान लगाने वाले 50 रुपया महीना भी देना बंद कर दिया। रामलीला समिति ने मैदान से अवैध कब्जा हटाने के लिए शिकायत की थी। सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार यादव के अनुसार, अतिक्रमण की शिकायत पर कार्रवाई की गई। कब्जेदारों से खाली कराया गया। दुकानदारों को सामान और दुकान हटाने के लिए समय दिया। वर्षों से कब्जा कर रामलीला मैदान में दुकानें चल रही थीं। जिसके कारण रामलीला में दिक्कत होती थी। दो दिन पहले नगर निगम के नायब तहसीलदार के हस्ताक्षर से नोटिस चस्पा किया गया। जिस पर लिखा था कि यह शासकीय संपत्ति है। यहां से कब्जा हटा लें। दो दिन बाद नगर निगम की ओर से अतिक्रमण हटवाया जाएगा।