व्यापारियों ने विरोध में दुकानें रखीं बंद, धरना प्रदर्शन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
पिंडरा। फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार में वर्षों पुरानी कॉपी-किताब की दुकान पर देर रात जेसीबी (ट्रैक्टर) से तोड़फोड़ के विरोध में मंगलवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। बाजार की कई दुकानें बंद रहीं और व्यापारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई। पुलिस ने सोनू पांडेय, समीर जायसवाल, गुड्डू खां, शिव जायसवाल समेत आठ नामजद और एक अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की। पीड़ित त्रिलोकी चौरसिया के अनुसार सोमवार की रात करीब 2:15 बजे कुछ लोग ट्रैक्टर लेकर उनकी दुकान पर पहुंचे और कब्जा करने की नीयत से दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में दुकान का अगला हिस्सा टूट गया और लाखों का सामान खराब हुआ। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दूसरी तरफ घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल है। एक व्यक्ति बाइक से रेकी करता नजर आया जबकि ट्रैक्टर पर सवार दो लोगों ने टक्कर मारकर दुकान को ढहा दिया। मंगलवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रकाश चंद और पूर्व जिला पंचायत सदस्य कृष्ण कुमार उर्फ रामू गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारी फूलपुर थाने पहुंचे। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि इसी विवाद में पहले भी प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है और मामला न्यायालय में है। बावजूद दबंग लगातार कब्जे का प्रयास कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की शिनाख्त के बाद गिरफ्तारी की जाएगी।