कोरोनो की दूसरी लहर में शहरी और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता कितनी है इसका आकलन करने के लिए बुधवार से सीरो सर्वे की शुरुआत हो गई। तीन दिन तक चलने वाले सर्वे को लेकर बहुत से लोगों के मन में भ्रांतियां भी है। ऐसे में सर्वे करने पहुंची टीम ने पहले लोगों को जागरूक किया फिर सैंपलिंग शुरू की। पहले दिन 400 लोगों का सैंपल लिया गया। इनकी जांच केजीएमयू में कराई जाएगी। बुधवार को टीम सैंपल लेने लोगों के घर पहुंची तो पहले तो लोग कतराए। विशेषकर ग्रामीण इलाकों में बहुत से लोग घर से बाहर ही नहीं निकल रहे थे। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. एसएस कन्नौजिया ने बताया कि चिकित्सक, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ ही लैब टेक्नीशियन द्वारा लोगों को सर्वे से जुड़ी जानकारी दी गई। कोरोना काल में इसे उपयोगी बताया गया तब जाकर लोग तैयार हुए।