केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुभाष सरकार ने कहा कि काशी तमिल संगमम के रूप में हम एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना का जश्न मना रहे हैं। यह एक दूसरे को जोड़ने का माध्यम है। हम उत्तर-दक्षिण की एकता का संदेश भी दे रहे हैं। इस जुड़ाव को और मजबूत करने के लिए एक दूसरे को पोस्टकार्ड भेजना चाहिए। पोस्टकार्ड एक दूसरे से जुड़े होने का अहसास कराएगा।
बीएचयू एंफीथिएटर मैदान पर शुक्रवार को केंद्रीय राज्य मंत्री ने तमिलनाडु से आए शिक्षकों के बीच अपना पता लिखकर पोस्टकार्ड का वितरण भी किया। शिक्षकों ने भी अपना पता लिखकर उन्हें दिया। डॉ. सुभाष सरकार ने कहा कि सभी को जवाब दूंगा और आपके जवाब का इंतजार भी रहेगा।
केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि एक तरफ ज्ञान, दर्शन, संस्कृति, भाषा, साहित्य, कला और शिल्प का शहर बनारस भारत का प्रतिनिधित्व करता है। दूसरी ओर मंदिरों की भूमि तमिलनाडु संस्कृति, कला, शिल्प, साहित्य, ज्ञान का एक और तीर्थ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शब्दों को कोट करते हुए कहा कि, काशी और तमिलनाडु हमारी संस्कृति और सभ्यताओं के कालजयी केंद्र हैं। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. सौम्या मिश्रा के नेतृत्व में विश्वविद्यालय के कुल गीत से हुई। इस दौरान प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे, प्रो. सुनील कुमार सिंह, सी मुथुलक्ष्मी, रामचंद्र, केएस नारायणन ने विचार व्यक्त किए। समन्वयन प्रो. डॉ. बिंदा दत्तात्रेय प्रांजपे ने किया।