रेणुकूट। हिण्डाल्को ग्रामीण विकास विभाग की ओर से म्योरपुर, दुद्धी व बभनी विकासखंड से आये किसानों के लिए किसान गोष्ठी का आयोजन म्योरपुर स्थित आदित्य बिड़ला रूरल टेक्नोलॉजी पार्क में किया गया। गोष्ठी में धान की पैदावार बढ़ाने के उपाय बताने के साथ-साथ कोरोना महामारी से बचाव के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान 63 किसानों को उन्नत किस्म के धान के बीज वितरित किए गए। विभाग के कृषि विशेषज्ञ ने बताया कि श्री विधि से किसान कम पानी में भी धान की आधिक उपज प्राप्त कर सकते हैं। इसमें एक सुनिश्चित दूरी पर धान के पौधे को रोपित किया जाता है ताकि वो पूर्ण रूप से पोषण प्राप्त कर सके। उन्होंने किसानों को धान के पौधों में होने वाली बीमारियों एवं उनके निदान की भी जानकारी दी। इस दौरान मुख्य अतिथि रहे हिण्डाल्को जनसेवा ट्रस्ट के सचिव उज्ज्वल केश ने उपस्थित किसानों को धान के उन्नत बीजों का वितरण करते हुए उन्हें कृषि के नवीन तकनीकों को अपनाने हेतु प्रोत्साहित किया। ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख अविजीत ने कहा कि जिस प्रकार की जानकारी आपको दी गई है, उसी प्रकार से रोपण करें जिससे अच्छी पैदावार हो सके। इस दौरान उन्होंने किसानों को खेती-किसानी के दौरान कोरोना महामारी से बचाव हेतु सामाजिक दूरी का सख्ती से पालन करने की भी हिदायत दी। संचालन अनुनय कुमार, राजेश सिंह ने किया।