जमालपुर (मिर्जापुर)। धान की खरीद नहीं करने पर साधन सहकारी समिति चौकिया के सचिव के साथ किसानों ने मारपीट की। जमालपुर क्षेत्र के चौकिया केंद्र प्रभारी नागेश्वर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
साधन सहकारी समिति के सचिव व धान खरीद केंद्र के प्रभारी ने बुधवार को शाम थाने में तहरीर देकर केंद्र पर चौकिया गांव निवासी दो किसानों पर अपशब्दों का प्रयोग कर मारपीट करने का आरोप लगाया। तहरीर में समिति के सचिव ने बताया है कि धान में नमी अधिक रहने पर खरीद से इंकार करने और धान सूखने के बाद ही धान खरीद किए जाने की बात कहने पर दो किसानों ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की। थानाध्यक्ष रामनारायन राम ने बताया कि केंद्र प्रभारी की तहरीर पर चौकिया गांव के दो लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।