वाराणसी। आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में बृहस्पतिवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत में सुनवाई हुई। मामले के दूसरे विवेचक शिवकांत मिश्रा अदालत में उपस्थित हुए और बयान दर्ज कराया। अदालत ने आगे की गवाही के लिए 8 मई की तिथि नियत की है। अभियोजन पक्ष की ओर से एडीजीसी मनोज गुप्ता ने गवाह का बयान दर्ज कराया। 2 नवंबर 2023 की रात बीएचयू परिसर में आईआईटी की एक छात्रा के साथ मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप है। पीड़िता की तहरीर पर लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना के दौरान कुणाल पांडेय, आनंद चौहान उर्फ अभिषेक और सक्षम पटेल का नाम सामने आने पर उन्हें आरोपी बनाया गया। प्रथम विवेचक सहजानंद श्रीवास्तव का बयान पहले ही दर्ज किया जा चुका है। बृहस्पतिवार को दूसरे विवेचक शिवकांत मिश्रा की गवाही पूरी हुई। संवाद