ज्ञानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में प्रदूषण नियंत्रण समिति की बैठक हुई। इसमें जल संचयन के लिए नदियों के संरक्षण, तालाबों के रिचार्ज करने पर बल दिया गया। वायु गुणवत्ता की जांच के लिए भदोही नगर में मशीन लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. एस सी शुक्ला ने बताया कि जिले की मोरवा और वरूणा नदी के आने वाले क्षेत्रों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए कई काम हो रहे हैं। वरूणा नदी पर दो, धरौहरा, नई बाजार बस्ती, मोरवा नदी पर बर्बसपुर एवं चौरी पर ड्रेन बन रहे हैं। भदोही नगर में दो एसटीपी, गोपीगंज में एक एसटीपी का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में पहली बार वायु गुणवत्ता के मापन के लिए मशीन भदोही नगर पालिका कार्यालय में लगाई जाएगी। जिससे स्वच्छ वायु एवं उसको प्रदूषित करने वाले घटकों व कारकों से जिले के लोगों को जागरूक किया जा सकेगा। डीएम ने डीएफओ को निर्देश दिया कि वरूणा नदी के दोनों तटो पर पौधरोपण कराएं। उन्होंने मोरवा नदी के पुनरूद्धार के लिए 500 मीटर दायरे में आने वाले तालाबों के वाटर रिचार्ज के लिए मनरेगा से समृद्ध किया जाए। जिला गंगा समिति की बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी नीरज आर्य ने बताया कि गंगा घाटों पर सूखा एवं गीला कचरा के एकत्रीकरण एवं ठोस अपशिष्ट के प्रबंधन के लिए डस्टबीन लगाया गया है। किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है।