अस्सी घाट पर चल रही सांस्कृतिक शृंखला सुबह-ए-बनारस में मंगलवार को संस्कृत, संस्कृति और शास्त्रीय संगीत की गूंज सुनाई देगी। यहां संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के संगीत विभाग के विद्यार्थियों की ओर से विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा के निर्देशन में संस्कृत, भारतीय संस्कृति और शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। उसी शृंखला के तहत अस्सी घाट पर संस्कृत संगीत का आयोजन होगा। गायन विभाग की सहायक आचार्य डॉ. श्रुति उपाध्याय ने बताया कि कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी मानस तिवारी, अश्विनी शुक्ला, मुलायम सिंह यादव और गौरांश उपाध्याय सहित अन्य छात्र-छात्राएं शास्त्रीय गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मंगलवार को होने वाली प्रस्तुति को लेकर विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में गायन विभाग में पूर्वाभ्यास किया।