काशी तमिल संगमम का तीसरा प्रतिनिधिमंडल सोमवार को काशी से प्रयागराज पहुंचा। दल में शामिल 216 प्रतिनिधियों का तिलक, पुष्प-वर्षा और सम्मान स्वरूप यथार्थ गीता के तमिल संस्करण भेंट कर अभिनंदन किया गया। कई प्रतिनिधियों की आंखों से छलक उठे। कुछ अपने परिवारों से वीडियो कॉल के जरिए आध्यात्मिक अनुभव को साझा कर रहे थे। एमएलसी सुरेंद्र चौधरी ने तमिल प्रतिनिधियों का स्वागत किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने संगम में स्नान किया। बड़े हनुमान (लेटे हुए हनुमान जी) के दर्शन किए। प्रतिनिधियों ने प्रयागराज में मिले प्रेम, आध्यात्मिकता और प्राकृतिक सौंदर्य को अविस्मरणीय बताया। प्रवीण कुमार ने कहा कि जिस सम्मान और स्नेह से हमारा स्वागत किया गया, वह हमेशा स्मरण रहेगा। महेंद्र व हरिश्वेता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रयागराज की हवा में एक अनोखी आस्था और सौंदर्य है।