संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय शुक्रवार की सुबह-सुबह छावनी में तब्दील हो गया। बताया जा रहा है कि यहां हॉस्टल पर छात्रों ने काफी समय से कब्जा जमाया था। जिसे खाली कराने के लिए फोर्स आयी। जिसके बाद से परिसर में खलबली मच गई। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के नवीन छात्रावास के कमरों को खाली कराने पहुंची पुलिस और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम को बैरंग लौटना पड़ा। छात्रों के विरोध को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को जल्द से जल्द कमरा खाली करने का नोटिस जारी किया है। छात्रों का आरोप है कि उनसे जबरदस्ती कमरा खाली कराया जा रहा है। शुक्रवार सुबह 11 बजे नवीन छात्रावास के कमरों को खाली कराने के लिए पुलिस व प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम पहुंची। पुलिस ने जब कमरा खाली करने की चेतावनी दी तो छात्र भड़क उठे। छात्र छात्रावास के बाहर धरने पर बैठ गए। विनयाधिकारी प्रो. दिनेश गर्ग ने बताया कि सेमेस्टर परीक्षा समाप्त होने के बाद भी 20 कमरों पर छात्रों ने कब्जा जमा रखा है। दो दिन में अगर कमरा खाली नहीं होता है तो पुलिस के सहयोग से खाली कराया जाएगा । ताकि नए सिरे से कमरों का आवंटन किया जा सके।