वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में अक्षय तृतीया के अवसर पर शुक्रवार को सुभाषित वीथिका की शुरुआत होगी। कुलपति प्रो. राजा राम शुक्ल की पहल पर संस्कृत शास्त्रों में निहित ज्ञानराशि के अमर श्लोकों की पट्टिकाएं पूरे परिसर में लगाई जाएंगी। प्रो. शुक्ल ने बताया कि पहले चरण में अमर श्लोकों की सुभाषित वीथिका के तहत 80 पट्टिकाएं लगेंगी। संस्कृत वेद शास्त्रों में निहित संस्कृत सूक्तियां जो ऋषियों-मुनियों एवं विशिष्ट विद्वानों के द्वारा ज्ञान राशि है उन्हें पूरे विश्वविद्यालय परिसर में संस्कृत सूक्ति एवं हिंदी अनुवाद कर जगह-जगह तख्तियों पर लिखकर लगाया जाएगा। इससे पूरे परिसर में संस्कृत अमर वाक्य के भाव का रसपान सभी आगंतुक कर सकेंगे। वर्तमान में कोरोना महामारी से संपूर्ण राष्ट्र घिरा हुआ है। यहां के आचार्य और पंडित अपनी पूजा में इसे दूर करने का संकल्प लेकर जाप कर रहे हैं। समय के साथ-साथ आराधना से महामारी में शिथिलता जरूर आएगी।