वाराणसी। बेसिक शिक्षा विभाग में नवनियुक्त 103 शिक्षकों का वेतन सत्यापन के फेर में लटक गया है। परिषदीय विद्यालयों में 69000 शिक्षक भर्ती के तहत जिले में 230 के सापेक्ष 205 शिक्षकों को अक्तूबर में नियुक्ति पत्र दिया गया था। 29 अक्तूबर को 203 शिक्षकों को ऑनलाइन स्कूल भी आवंटित कर दिए गए थे। जबकि 2 शिक्षकों का आवंटन रोका गया है। प्रक्रिया के तहत डेढ़ साल के इंतजार के बाद शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया गया था। 203 शिक्षकों में 103 कार्यभार संभालने के 6 महीने बाद भी अंक और प्रमाण पत्रों के सत्यापन न होने पर बिना वेतन आजीविका चला रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि 203 नवनियुक्त शिक्षकों में 100 के प्रमाण पत्रों का सत्यापन कर वेतन भुगतान का आदेश दे दिया गया है। 103 शिक्षकों के प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए संबंधित बोर्ड और विश्वविद्यालय को भेज दिया गया है। सत्यापन कार्य के लिए नोडल अधिकारी भी नामित किए गए हैं। लॉकडाउन के कारण विश्वविद्यालय बंद हैं, जिसकी वजह से सत्यापन कार्य लंबित है।