खानपुर/नंदगंज। तीन स्थानों पर अलग-अलग सड़क और ट्रेन हादसो में वृद्ध समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया। खानपुर : थाना क्षेत्र के लौलेहरा निवासी रामाश्रय तिवारी (63) की ट्रैक्टर के धक्के से मौत हो गई। हादसे के समय वह अपने खेतों के पास खड़े थे कि इसी दौरान ट्रैक्टर चालक खेतों की जोताई कर तेजी से उधर निकला और रामाश्रय हो धक्का मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर को देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र विनोद कुमार ने ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर ड्राइवर और ट्रैक्टर की तलाश की जा रही है। वहीं, थाना क्षेत्र के औड़िहार-जौनपुर मार्ग पर स्थानीय थाने के सामने बृहस्पतिवार की शाम ड्रम से टकराकर बाइक सवार रंजीत राजभर और अमरजीत राजभर घायल हो गए। पुलिस ने परिजनों को सूचित करते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर भेजा। जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। नंदगंज : शहर कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज रेलवे क्रासिंग के पास बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे ट्रेन की चपेट में आने से कोतवाली क्षेत्र जैतपुरा सलहाबाद निवासी योगेंद्र पाल (43) की मौत हो गई। वह रेलवे क्रासिंग के पास ट्रैक पार कर रहे थे उसी दौरान ट्रैक पर ट्रेन आ गई जिसकी चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।