वाराणसी। सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों और प्रतिष्ठानों में रुद्राभिषेक हुआ। श्री अग्रसेन युवा मंच की ओर से छोटी पियरी स्थित मंच कार्यालय में रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद महाआरती और प्रसाद का वितरण हुआ। भारत विकास परिषद शिवा शाखा की ओर से दुर्गाकुंड स्थित श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार अंधविद्यालय में कथावाचक एवं ज्योतिषविद पं. प्रकाश मिश्रा के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महारुद्राभिषेक हुआ। 200 से अधिक जड़ी-बूटियों, रत्नों व उपरत्नों, फलों के रस, दूध, दही, घृत, मधु, शक्कर, केसर और पंचमेवा आदि से बाबा का अभिषेक किया गया। संवाद