आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों का निजी विद्यालयों में आरटीई के तहत चौथे चरण में दाखिला दिलाने के लिए सोमवार को लॉटरी की प्रक्रिया पूरी हो गई। स्वीकृत 161 आवेदनों में से 139 बच्चों को विभिन्न निजी स्कूलों में सीटें आवंटित कर दी गईं। चौथे चरण में आरटीई के तहत प्रवेश के लिए 208 आवेदन आए थे। इनमें से 47 आवेदन अस्वीकृत हो गए। स्वीकृत 161 आवेदनों में से 139 अभ्यर्थियों को निजी विद्यालयों में प्रवेश के लिए सीट आवंटित हुई हैं। 22 लोगों को सीटें नहीं मिलीं। गौरतलब है कि आरटीई के तहत चौथे चरण में आवेदन एक से 20 जून तक किए गए थे। बीएसए की ओर से आवेदन पत्रों का सत्यापन कर उन्हें लॉक करने की अंतिम तिथि 21 से 27 जून तक निर्धारित की गई थी। जबकि 28 जून को लॉटरी निकालने और सात जुलाई तक चयनित बच्चों को गैर सहायतित मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की तिथि तय की गई है। सोमवार को लॉटरी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित बच्चों के प्रवेश के लिए उनका डिटेल संबंधित विद्यालयों को भेज दिया गया।