महादेव की नगरी काशी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने महाशिवरात्रि पर घोष का वादन कर देवाधिदेव भगवान शिव को स्वरांजलि दी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महाशिवरात्रि के महापर्व को अखिल भारतीय घोष दिवस के रूप में मनाता है। हर साल की तरह इस साल भी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी विभाग की ओर से स्वरान्जलि कार्यक्रम हुआ। सिगरा स्थित बेचू महादेव मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने नाद के अधिष्ठाता भगवान शिव को घोष रूप में स्वरान्जलि प्रस्तुत की। स्वयंसेवकों ने क्रमशः साइड ड्रम (आनक), बिगुल (शंख), ट्रम्पेट (तूर्य) इत्यादि वाद्य द्वारा तिलंग, शिवरंजनी, नीरा, उदय, श्रीराम, भूप इत्यादि रचनाओं का वादन किया। घोष कार्य विभाग की ओर से 18 की संख्या में पूर्ण गणवेश में उपस्थित स्वयंसेवको द्वारा विभिन्न वाद्य यंत्रो के द्वारा प्रस्तुति दी गई। कुल 32 स्वयंसेवक पूर्णगणवेश में उपस्थित रहे। इस आयोजन में विभाग कार्यवाह राजेश विश्वकर्मा, विभाग प्रचारक नितिन, विभाग कार्यकारिणी सदस्य राकेश अग्रहरि, सहप्रान्त घोष प्रमुख घनश्याम, जिला प्रचारक हरेन्द्र समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।