जिले के तीन अलग-अलग क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में दंपती समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मिर्जामुराद में हुए दो हादसों में तीन, लंका के नेवादा और लोहता में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
मिर्जामुराद के मुगलावीर गांव निवासी संजय शर्मा (26) पत्नी रूबी (26) को लेकर बाइक से उनका इलाज कराने शहर के एक अस्पताल आए थे। शाम करीब चार बजे लौटते समय खजुरी पुलिस चौकी के पास संजय की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। कुछ लोगों का कहना है कि दंपती बातचीत में इतने मशगूल थे कि वे ट्रक को नहीं देख सके। कुछ लोगों का यह भी कहना है कि ट्रक के अचानक रुकने से हादसा हुआ। संजय की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रूबी को नजदीकी अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया। संजय अपने माता-पिता की इकलौते पुत्र थे। उनका दो साल का बेटा प्रिंस है। संजय के पिता सुरेंद्र शर्मा होमगार्ड हैं। उनकी तैनाती काशी विद्यापीठ में है।
उधर, मिर्जामुराद के खजुरी में ही सोमवार की सुबह करीब सात बजे आलू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। करीब से गुजर रहा 50 वर्षीय व्यक्ति ट्रक के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। क्षेत्रीय लोग उसे मनोरोगी बता रहे हैं। वहीं ट्रक चालक पंजाब के पटियाला निवासी महावीर सिंह और खलासी गुरप्रीत सिंह इस हादसे में घायल हो गए।
दूसरी घटना लंका क्षेत्र के नेवादा की है। मिर्जामुराद के टोडरपुर निवासी देवशरण पटेल (26) सोमवार को दिन में अपनी मां चंद्रावती के लिए दवा लेने लंका गए थे। वापस लौटते समय नेवादा में टूरिस्ट बस को ओवरटेक करने के फेर में वह बस के पिछले हिस्से में कहीं फंस गए। कुछ दूर तक घिसटने से उनकी मौत हो गई। कुछ दूर आगे लोगों ने बस को घेर कर रोका तो चालक को इसकी जानकारी हुई। देवशरण चार भाइयों में छोटे थे। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला।
तीसरी घटना लोहता थाना क्षेत्र के केराकतपुर की है। क्षेत्र के घमरिया निवासी अब्दुल अजीज (70) अपने पुत्र मजीद (30) के साथ रविवार की देर रात केराकतपुर से घमरिया जा रहे थे। केराकतपुर मोड़ पर भदोही की ओर से जा रही तेज रफ्तार जाइलो ने बाइक में टक्कर मार दी। अजीज की रात में ही मौत हो गई थी जबकि मजीद का बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा था। सोमवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। पिता, पुत्र बुनकरी का काम करते थे।