वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार में शुक्रवार सुबह अचानक से सामने आई वृद्धा को बचाने के चक्कर में बाइक सवार युवक डिवाइडर से जा टकराया। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को एक ऑटो चालक ने आननफानन पास के टीएससी हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची है। मृतक के घर में कोहराम मचा है।
आवास विकास कॉलोनी, दौलतपुर (पांडेयपुर) निवासी अविरल राय (21) पुत्र विवेक राय गिलट बाजार में शुक्रवार सुबह अपनी बाइक से गलत लेन से तेज गति में जा रहा था। अचानक से सामने एक वृद्धा आ गई। उसे बचाने के चक्कर में बाइक सवार युवक डिवाइडर से टकरा गया। बाइक के झटके से वृद्धा को भी हल्की चोटें आईं।
डिवाइडर से टकराने के बाद युवक सड़क पर गिरने के कारण युवक के सिर और चेहरे में गंभीर चोट लगी। मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को ऑटो चालक की मदद से पास के अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
लहरतारा चौराहे के समीप पहुंचने पर कैंट स्टेशन की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से बुजुर्ग को मंडुवाडीह थाने की पुलिस बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़ कर भाग निकला। मृतक की शिनाख्त लहरतारा क्षेत्र की पसियाना गली निवासी गुलाब (70) के तौर पर हुई।