जौनपुर। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज रामदयालगंज की रिया ने 70वें राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की ओर से आयोजित 70 वें राष्ट्रीय स्कूल गेम्स 2026-27 में रिया ने ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज रामदयालगंज की कक्षा 11 की छात्रा रिया यादव ने खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णिम सफलता हासिल की है। इस राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन युवा सेवा एवं खेल निदेशालय जम्मू और कश्मीर की ओर से 22 से 26 अक्तूबर तक श्रीनगर (जम्मू और कश्मीर) में किया गया था। प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका वर्ग के 52-55 किग्रा भार वर्ग में उत्तर प्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए रिया ने अपनी प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर प्रथम स्थान (गोल्ड मेडल) प्राप्त किया। पूरे देश में अपने विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया। रिया की यह ऐतिहासिक उपलब्धि उनकी सालों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। रिया ने खेल की शुरुआत सबसे पहले जनपद स्तर की प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर किया था। बाद में मंडल स्तर और फिर प्रदेश स्तर पर आयोजित कड़ी प्रतिस्पर्धाओं में सभी विरोधियों को शिकस्त देते हुए हर स्तर पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। छात्रा रिया के राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने की खबर मिलते ही विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के प्रबंधक आशुतोष कुमार सिंह, प्रधानाचार्य आलोक सिंह, खेल अध्यापक निखिल सिंह एवं छात्रा के ताइक्वांडो कोच आशुतोष सिंह ने रिया को बधाई दी। भविष्य के लिए उन्हें हर संभव वित्तीय एवं खेल संबंधी सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया।