वाराणसी। गंगा के उफान से वरुणा में पलट प्रवाह शुरू हो गया है। 20 इलाकों में बाढ़ और पलायन का खतरा मंडराने लगा है। नदी का पानी पुराने पुल के पास सिंचाई विभाग के बांध के आसपास ही है। अब जलस्तर बढ़ा तो बांध के चैनल के ऊपर से पानी बहने लगेगा। ऐसी स्थिति में वरुणा के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। हुकुलगंज, बगवानाला, नक्खी घाट, शैलपुत्री, अमरपुर मढ़िया, सरैया और कोनिया समेत कई घनी आबादी वाले इलाकों में पानी भर सकता है। पिछले साल बड़े स्तर पर लोगों को रेस्क्यू कर शिविरों में रखा गया था। अस्सी, तुलसी, हरिश्चंद्र, केदार, दशाश्वमेध, शीतला, मणिकर्णिका, ब्रह्मा और नमो घाट डूब चुके हैं। गंगा द्वार की सीढि़यों तक पानी पहुंच रहा है। जलस्तर बढ़ने से घाटों पर होने वाले सामान्य कामकाज और आवागमन भी ठप होता जा रहा है। ब्यूरो