सपा कार्यकर्ताओं ने सीवर में उतर कर किया प्रदर्शन संवाद
जलभराव और खराब सड़क से खफा सीरगोवर्धनपुर के लोगों ने मंगलवार को गड्ढे में उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव ने किया। उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या-23 स्थित संत रविदास मंदिर मुख्य मार्ग पर सड़क से सटे कई गहरे गड्ढे लंबे समय से खुले हैं। इनमें जलभराव होने से राहगीर इसमें गिरकर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। बीते 29 जुलाई को यहां वीआईपी आगमन हुआ था। उस दौरान इन गड्ढों को नगर निगम की ओर से बांस-बल्ली और हरे पर्दों से घेरकर ढंक दिया था। क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि तत्काल मरम्मत संभव नहीं है तो सुरक्षा के लिए लगाई बल्ली न हटाई जाए लेकिन वीआईपी के जाते ही 30 जुलाई को सुरक्षा घेरा हटा लिया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो जनता व्यापक आंदोलन करेगी। मौके पर लाल बहादुर यादव, बाबूलाल, चंदन सोनकर, गोलू यादव, चंचल आदि मौजूद रहे।