विश्व क्षय रोग दिवस के उपलक्ष्य में शुरू तीन दिवसीय वन वर्ल्ड टीबी समिट के उद्घाटन के बाद अब दो दिन में क्षय रोग उन्मूलन की दिशा में आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इसमें भारत, ब्राजील, इंडोनेशिया, नाइजीरिया समेत 40 देशों के प्रतिनिधि टीबी प्रिवेंटिव थेरेपी, दवाओं के साथ ही जांच की तकनीक पर मंथन करेंगे। तीन दिवसीय समिट के दूसरे दिन शुक्रवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर के साथ ही नदेसर स्थित तारांकित होटल में अलग-अलग सत्रों में अधिशासी निदेशक डाॅ. लूसिका डीआईटीयू के देखरेख में होने वाले आयोजन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया के साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार भी मौजूद रहेंगी। समिट में भाग लेने के लिए डॉ. भारती शुक्रवार की देर शाम बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंची। समिट में 25-26 मार्च को यस वी कैन एंड टीबी के मूल मंत्र को साकार करने पर ही पूरा कार्यक्रम फोकस रहेगा।