रोहनिया के भदवर में गोली मारकर डेढ़ करोड़ रुपये और हीरे की अंगूठी लूटने की सूचना मिलने पर मंगलवार की रात रोहनिया थाने की पुलिस में हड़कंप मच गया। आननफानन में पुलिस भदवर पहुंची तो जिस मोबाइल नंबर से सूचना दी गई थी, वह स्विच ऑफ बताने लगा। पुलिस के अनुसार जिस मोबाइल नंबर से सूचना दी गई थी, उसके खिलाफ मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।
रोहनिया इंस्पेक्टर को फोनकर सूचना दी गई कि भदवर में गोली मारकर नकदी और अंगुठी लूट ली गई है। फोन करने वाले ने खुद को सगहट निवासी भाईलाल प्रधानमंत्री बताया। इसके आधार पर रोहनिया थाने की पुलिस भदवर पहुंची और बाईपास पर काफी देर तक सूचना देने वाले की खोजबीन की गई। इसके बाद उसके मोबाइल पर कॉल किया गया तो वह स्विच ऑफ बताने लगा। इस संबंध में रोहनिया परशुराम त्रिपाठी ने बताया कि जिस मोबाइल नंबर से सूचना दी गई थी, सर्विलांस की मदद से उससे संबंधित व्यक्ति की तस्दीक कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।